शनिवार, 18 दिसंबर 2010

क्रोध में मनुष्य विवेक खो देता है : साध्वी विद्युत प्रभा
कार्यालय संवाददाता
बालोतरा। क्रोध की आग मनुष्य को तो जलाती ही है साथ ही उसके शब्द सुनने वाला भी जले बिना नहीं रहता है। जिस समय इन्सान क्रोध करता है वह अपना आपा खो बैठता है। उसे अच्छे बुरे का फिर होश नहीं रहता। यह बात डॉ. साध्वी विद्युत प्रभा ने पुराना ओसवाल भवन मे प्रवचन देते हुए कही। साध्वी ने कहा कि चण्डकौशिक सांप पूर्व जन्म मे सन्यासी था पर क्रोध में मृत्यु पाकर वह सांप बना। संत का आनंद क्रोध मे जल गया। उसने अपने जहर से पता नहीं कितने व्यक्तियों को जलाकर खाक कर दिया। यह तो उसका बचा हुआ पुण्य था कि उसे जगाने के लिए प्रभु महावीर पधार गए। वह जागा तो उसने समता का धन पा लिया।
समारोहपूर्वक मनाई जाएगी भगवान दत्तात्रेय की जयंति
कार्यालय संवाददाता
बाडमेर। भगवान विष्णु के छठे अवतार दत्तात्रेय की जयंति सोमवति पूर्णिमा 20 दिसम्बर को सर्वत्र समारोह पूर्वक मनाई जाएगी। भेष संस्कृति परिषद बाडमेर के संचालक स्वामी खुशालनाथ धीर ने बताया कि श्री स्कन्दपुराण अवन्तीखण्ड दस अध्याय तथा श्रीमद् भागवत ग्रंथ मे उल्लेख है कि मार्गशीष पूर्णिमा सोमवार को भगवान दत्तात्रेय का अवतरण हुआ था। इस पावन स्मृति मे यह पर्व मनाया जाता है। जयंति कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही है।
पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए शीघ्र बनेगा वृद्धाश्रम

जिला स्तरीय पेंशनर दिवस समारोह आयोजित
कार्यालय संवाददाता
बाडमेर। पेन्शनर समाज बाड़मेर का जिला स्तरीय पेंशनर दिवस समारोह स्थानीय भीखचंद उच्च माध्यमिक विद्यालय गांधी चौक के सभा भवन मे आयोजित हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर गौरव गोयल ने पेन्शनरों को संबोधित करते हुए कहा कि बाडमेर मे वृद्धाश्रम की स्थापना की मांग उचित है तथा इसे शीघ्र ही पूरा किया जाएगा। पेन्शनर समाज के जिलाध्यक्ष जयकिशन जोशी ने पेंशनर निवेदन पत्र प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रशासन, कोष कार्यालय, बैंक तथा उपभोक्ता भण्डार संबंधित अन्य मांगो पर त्वरित निर्णय लेते हुए इनकी पूर्ति के लिए जिला कोषाधिकार को अधिकृत किया। जिले के 11 विशिष्ट समाजसेवी पेंशनरो को माल्यार्पण, स्मृति चिन्ह व शॉल ओढा कर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि पेंशनर समाज ने इस समारोह मे समाजसेवी पेंशनर भूरचंद जैन पत्रकार, पुष्कर प्रदीप, शंकरलाल सलुंदिया, ओमप्रकाश, कमलसिंह महेचा, स्वामी खुशालनाथ धीर, श्रीमती सावित्री शर्मा, गुलाब खां, डॉ. बंशीधर तातेड़ व नैनमल भंसाली के साथ उपशाखा बालोतरा को सम्मानित करने का निर्णय लिया। जिला कलेक्टर ने पेंशनर सुविधा के लिए उपभोक्ता दवा दुकानों के विस्तार के लिए मौके पर ही अध्यक्ष उपभोक्ता भण्डार को निर्देश दिए। उन्होंने वरिष्ठ नागरिक भरण पोषण अधिनियम 2007 की विस्तार से जानकारी देते हुए पेंशनरो को इसके प्रावधानो का समाज के वरिष्ठ नागरिको तक व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।
समारोह के विशिष्ठ अतिथि डॉ. गणपतसिंह राठौड़ ने पेंशनर को जिले भर मे चिकित्सा संबंधित सुविधाओं के विस्तार का आश्वासन दिया। स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर की कलेक्ट्रेट शाखा के प्रबंधक बख्तावरसिंह महेचा तथा कमलसिंह ने पेंशनर के कार्यो को प्राथमिकता से करने तथा समयबद्ध पेंशन भुगानत मे पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं कार्यक्रम उपस्थित अन्य अधिकारियों ने भी पेंशनरो की समस्याओं को प्रमुखता से हल करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मोहनलाल बोहरा ने पेंशनर दिवस मनाने की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के प्रारंभ मे जयकिशन जोशी ने बाडमेर जिले मे पेंशनर समाज की स्थापना, संचालित कल्याणकारी गतिविधियों, सुनामी बाढ सहायता मे किए गए कार्य सहित अन्य जानकारियां से अवगत करवाया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. बंशीधर तातेड़ ने किया तथा धन्यवाद भूरचंद जैन पत्रकार ने ज्ञापित किया
छात्रसंघ उद्घाटन समारोह आयोजित
कार्यालय संवाददाता
बाडमेरराजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का छात्रसंघ उद्घाटन समारोह शनिवार को बीकानेर सांसद अर्जुनराम मेघवाल के मुख्य आतिथ्य मे आयोजित हुआ। इस अवसर पर छात्रसंघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलायी गई। समारोह का आगाज मां सरस्वती के समक्ष प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
समारोह मे मुख्य अतिथि सांसद मेघवाल ने छात्रों से संवाद करते हुए कहा कि जीत हमेशा संगठन की भावना से प्राप्त होती है। उन्होंने जापान के देश प्रेम से प्रेरणा लेने की बात कहते हुए जीवन मे कुछ नया कार्य करने का आह्वान किया जिससे समाज आपस से प्रेरणा ले। कार्यक्रम मे छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमो की प्रस्तुति दी। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. जेपी वर्मा ने महाविद्यालय की समस्याओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम अध्यक्ष सिवाना विधायक कानसिंह कोटडी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद एक राष्ट्रवादी संगठन है जो युवाओं के विकास का केन्द्र एवं राष्ट्र निर्माण की धुरी है। विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक डॉ. जालमसिंह रावलोत ने कहा कि छात्रसंघ महाविद्यालय प्रशासन से सामजस्य रखते हुए विकास को अपना उद्देश्य बनाये। पूर्व विधायक तगाराम चौधरी ने विद्यार्थियों से मेहनत के साथ नाम रोशन करने की बात कही। कार्यक्रम मे मुख्य वक्ता एबीवीपी के प्रदेश संगठन मंत्री विक्रान्त खण्डेलवाल ने कहा कि आज के युवाओं को शिक्षा के साथ राष्ट्र व समाज के हित पर भी ध्यान देना चाहिए। छात्रसंघ महासचिव राहुल संखलेचा ने छात्रसंघ प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए महाविद्यालय मे स्नातक व स्नातकोत्तर स्तर पर नए पाठ्यक्रमो की आवश्यकता बतायी। अंत मे छात्रसंघ अध्यक्ष राजपाल मेघवाल ने आभार जताया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आदूराम मेघवाल, पुखराज गुप्ता, दिलीप पालीवाल, लक्ष्मण वडेरा, श्यामसिंह, बलराम प्रजापत, पहाड़सिंह, बलवंतसिंह, अखेसिंह, केसराराम, जगदीश गोसाई, पूरसिंह, कैलाश, अम्बालाल, उदयभानुसिंह, पदमाराम, स्वरूपसिंह, भाखरसिंह, मोहनसिंह, मोतीराम, ईश्वरसिंह, डॉ. एनएस पंवार सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें