रंग लाई पार्षदों की मुहिम, पालिका की अवाप्त भूमि से हटे अतिक्रमण
कार्यालय संवाददाता
बालोतरा। बालोतरा शहर के समग्र विकास के लिए एकजुट हुए पार्षदों की मेहनत रंग लायी और नगरपालिका की अवाप्त भूमि पर हो रखे अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही शुरू हुई। आपातकालीन बैठक के दौरान हुए निर्णय की पैरवी मे आज सुबह पार्षद नीयत समय पर दल-बल के साथ नगरपालिका मे इक्कठे हुए और अतिक्रमण हटाने को निकल पड़े। आमतौर पर नगरपालिका द्वारा आज से पहले हटाये गए अतिक्रमणो के दौरान महज औपचारिकता कर दी जाती थी लेकिन आज पार्षदो ने खुद पूरे समय रहकर अपनी निगरानी मे अतिक्रमण हटवाये। अतिक्रमण हटाने की मुहिम की शुरूआत सिवाना चौराहे पर आईटीआई के सामने स्थित मंदिर को गिराकर की गई। मंदिर के पूजारी के वहां उपस्थित नहीं होने के कारण नगरपालिका कार्मिकों सहित मोहतबर्रानो की उपस्थिति मे मंदिर के अंदर रखे सामान बाहर निकलवाये गए और फिर पक्का अतिक्रमण ध्वस्त किया गया। उसके बाद नगरपालिका की हद मे हाऊसिंग बोर्ड की तरफ अतिक्रमण दस्ता बढा और पालिका की जमीन पर बनाई गई कांटे की बाड़ो को ध्वस्त किया, साथ ही अतिक्रमी वापस बाड़ नहीं बनाये इसके लिए पालिका कार्मिकों ने हटायी गई बाड़ो मे आग लगाकर जला दिया। सिवाना हाईवे मुख्य सडक़ पर पालिका अवाप्त भूमि मे लम्बे समय से पत्थर और मारबल का कारोबार करने वाले अतिक्रमियों को पालिका प्रशासन ने पत्थरों को दो दिन मे हटाने की चेतावनी देते हुए कुछ पत्थर जब्त कर नगरपालिका भिजवाये। एक पत्थर फैक्ट्री का सामान जब्त करने को लेकर कुछ विवाद भी हुआ। लेकिन बाद में किसी भी अतिक्रमी को नहीं बक्से जाने की वायदे पर मामला शांत हो गया।
अतिक्रमियों मे हडक़ंप
पार्षदो की मुहिम पर शुरू हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान मे ठोस कार्यवाही होती देखकर पालिका अवाप्त भूमि मे बैठे अतिक्रमियों मे दिन भर हडक़ंप मचा रहा। अतिक्रमण हटाने के लिए गठित पार्षदो की कमेटी के सख्त रूख को देखकर आज पालिकाकर्मी भी उत्साह से लबरेज नजर आये और अतिक्रमण हटाने मे जोश-खरोश दिखाया। वहीं दूसरी ओर अतिक्रमी खुद ही पालिका जमीन को खाली करने की बात बताते हुए मोहलत मांगते नजर आये। कार्यवाही के दौरान दिन अतिक्रमणकारियों मे हडक़ंप मचा रहा।
दो दिन की मोहलत
अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही के दौरान पालिका की ओर से आईटीआई के सामने विशाल जमीन पर बड़े पत्थर डालकर अतिक्रमण कर रखे राजगिरी स्टॉल क्रेशर मालिक को पालिका ने दो दिन की अवधि मे पूरे पत्थर हटाने की चेतावनी दी है। पालिका अध्यक्ष ने बताया कि दो दिन मे पत्थर नहीं हटाने पर नगरपालिका द्वारा माल जब्त कर नीलाम करवा दिया जाएगा। इसी तरह मुख्य रोड़ पर हुए पत्थरों व अन्य अतिक्रमणों को दो दिन मे हटाने के निर्देश दिए गए है।
इनकी उपस्थिति मे हुई कार्यवाही
नगरपालिका अध्यक्ष महेश बी. चौहान, उपाध्यक्ष रामलाल राजपुरोहित, प्रतिपक्ष नेता रतन खत्री, पार्षद नरसिंग प्रजापत, गोविन्द जीनगर, मांगीलाल सांखला, रोहित सोलंकी, नेमीचंद, पुष्पराज चौपड़ा, जेठूसिंह, अमराराम माली, रावत माली सहित पालिका अधिशाषी अधिकारी पोकरराम चौहान की उपस्थिति मे अतिक्रमण हटाने की सख्त कार्यवाही की गई। अध्यक्ष महेश बी. चौहान ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही जारी रहेगी और इसमें किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा। इस दौरान पुलिस थानाधिकारी मदनलाल चौधरी ने पालिका को जाब्ता देने की भी बात कही।
फोटो केपशन- बालोतराफोटो 01 - आईटीआई के सामने पालिका अवाप्त भूमि मे पक्के निर्माण को ध्वस्त करता बुल्डोजर।
बालोतराफोटो 02- पालिका जमीन मे लम्बे समय से पड़े पत्थरो को नगरपालिका टे्रक्टर मे डालते कार्मिक।
बालोतराफोटो 03 व 04- अतिक्रमणों की बाड़ के जलने का दृश्य एवं पत्थर फैक्ट्री के सामने अतिक्रमण हटाने के दौरान एकत्रित लोग।
सार्वजनिक आध्यात्मिक प्रवचन कार्यक्रम आज
कार्यालय संवाददाता
बालोतरा। प्रखर चिंतक एवं अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विद्वान अहिंसा विश्व भातरी के संस्थापक आचार्य डॉ. लोकेश मुनि तथा पीस ऑफ माइण्ड फाउण्डेशन राजकोट के संस्थापक समण श्रुत प्रज्ञ स्वामी का महावीर इंटरनेशनल बालोतरा की ओर से 28 दिसम्बर मंगलवार को मध्यान्ह 2 बजे से मोती मार्केट गार्डन मे सार्वजनिक प्रवचन रखा गया है। स्वस्थ, सुखी और आनंदमय जीवन के सरल नुस्खे एवं ध्यान योग आधारित आध्यात्मक गुर विद्वान द्वय अपने बालोतरा पचपदरा के सार्वजनिक प्रवचनों मे सिखायेगें। इसी तरह 29 दिसम्बर बुधवार को प्रात: 10 बजे से ओसवाल भवन मे पचपदरा मे भारत विकास परिषद पचपदरा की ओर से संत द्वय का र्साजनिक प्रवचन रखा गया है। इस अवसर पर अहिंसा विश्व भारती दिल्ली के आर्थिक सहयोग तथा भारत विकास परिषद पचपदरा के व्यवस्था सहयोग से जरूरतमंदो को गर्म कम्बल ओसवाल भवन पचपदरा मे वितरित किए जाएगें तथा नि:शुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर भी आयोजित होगा। संस्था के अध्यक्ष जितेन्द्र लूकड़ के अनुसार डॉ. विरेन्द्र गांधी, डॉ. विनोद शर्मा, डॉ. जयप्रकाश गुप्ता, डॉ. सुनिल सिंघल सहित अनेक डॉक्टर चिकित्सा परामर्श प्रदान करेगें।
कांग्रेस का 126 वां स्थापना दिवस आज
कार्यालय संवाददाता
बाडमेर। इण्डियन नेशनल कांग्रेस का 126 वां स्थापना दिवस 28 दिसम्बर मंगलवार को 11 बजे कांग्रेस कार्यालय मे समारोहपूर्वक मनाया जाएगा। जिला महामंत्री यज्ञदत्त जोशी ने बताया कि कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यालय मे ध्वजारोहण का कार्यक्रम आयोजित होगा इसके पश्चात विचारगोष्ठी व परिसवांद होगा जिसमें कांग्रेस का इतिहास, अतीत एवं वर्तमान तथा भारत निर्माण मे कांग्रेस के 125 वर्ष सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित होगें।
महामंत्री जोशी ने बताया कि इस कार्यक्रम मे सांसद, मंत्रीगण, जिला प्रमुख, विधायकगण, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य, अग्रिम संगठनो के जिलाध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, प्रधानगण, नगरपालिका अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या मे कांग्रेस कार्यकत्र्ता उपस्थित रहेगें।
मुनि सुव्रत कुमार व मंगल प्रकाश का नगर प्रवेश आज
कार्यालय संवाददाता
बाडमेर। आचार्य श्री महाश्रमण के सुशिष्य मुनिश्री सुव्रत कुमार व मंगल प्रकाश 28 दिसम्बर मंगलवार को प्रात: 7:30 बजे मेराजानीय की बेरी से विहार करते हुए भिमडा नगर प्रवेश करेगें। भिमड़ा के नगरवासी मुनिश्री का स्वागत करेगें। यह जानकारी अणुव्रत समिति के सहमंत्री पारसमल गोलेच्छा ने दी।
सच्चियाय माता भक्त मण्डल की बैठक सम्पन्न
कार्यालय संवाददाता
बालोतरा। श्री सच्चियाय माता भक्त मण्डल की बैठक रविवार रात 8 बजे भगवान महावीर मंदिर मे अध्यक्ष हुलास चौपड़ा की अध्यक्षता मे आयोजित हुई। सचिव संजय सिंघवी ने बताया कि इस बैठक मे भक्त मण्डल की विभिन्न गतिविधियों पर चर्चा की गई। बैठक मे पिछले माह का लेखा-जोखा कोषाध्यक्ष सुनिल मेहता ने प्रस्तुत किया। बैठक मे संरक्षक गौतम दांती, संयाजेक मांगीलाल बाफना, रमेश चौपड़ा, मुकेश खण्डेलवाल, कांतिलाल बाफना, जितेन्द्र कुमार दवे, हुलास सहित कई कार्यकत्र्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे। संचालन सुनिल कुमार मेहता ने किया।
चतु: सम्प्रदाय वैष्णव विकास संस्थान की बैठक सम्पन्न
कार्यालय संवाददाता
बालोतरा। चतु: सम्प्रदाय वैष्णव विकास संस्थान की बैठक वनुमाता मंदिर मे सम्पन्न हुई। इस बैठक मे रामानन्दाचार्य जयंति के अवसर पर गत वर्ष की भांति इस बार भी धूमधाम से मनाई जाएगी। चतु: सम्प्रदाय वैष्णव विकास संस्थान के अध्यक्ष रविन्द्र कुमार रामावत ने बताया कि बैठक मे आगामी माह मे रामानंदचार्य जयंति को धूमधाम से मनाने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया, तथा विभिन्न देवी देवताओं की झांकियां व अन्य धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने को लेकर चर्चा की गई। बैठक मे सभी सदस्य व पदाधिकारी उपस्थित थे।
शाश्वत जैविक यौगिक खेती जागृति अभियान की टीम का पादरू मे हुआ स्वागत
कार्यालय संवाददाता
बालोतरा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा चलाये जा रहे शाश्वत जैविक यौगिक खेती जागृति अभियान के सोमवार को पादरू पहुंचने पर ग्रामवासियों ने जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर राजस्थान कृषि विश्व विद्यालय के कृषि वैज्ञानिक डॉ. तख्तसिंह राजपुरोहित ने रासायनिक खाद के प्रयोग के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए कहा कि रासायनिक खाद के प्रयोग से जमीन के अन्दर फसल को लाभ पहुंचाने वाले जीवाणु नष्ट हो जाते और भूमि बंजर हो जाती है। परंपरागत खाद का प्रयोग उन लाभदायक जीवों को बढाते है एवं हानिकारक जीवों को नष्ट करते है।
पूर्व कृषि अधिकारी वृद्धिचंद माथुर ने बताया कि फसल मे रासायनिक कीटनाशकों के स्थान पर यदि गौ मूत्र का विधिपूर्वक छिडक़ाव करे तो यह एक उत्तम किटनाशक के रूप मे प्रयुक्त हो सकता है। पूर्व कृषि अधिकारी आरडी नामा ने कृषकों को प्राचीन भारतीय जैविक कृषि संस्कृति पर विश्वास कर इसको अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर ब्रह्म कुमारी रंजु बहिन ने बताया कि फसल मे जैविक खाद के उपयोग के साथ खेत मे बैठकर परमात्मा के साथ योग लगाने एवं अपनी शुद्ध भावनाओं का विधिवत प्रयोग करने से सकारात्मक परिणाम प्राप्त होते है और उत्पन्न अनाज पोष्टिक एवं स्वादिष्ट होते है। जिसके संबंध मे ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा प्रयोग किए जा रहे है। उमा बहन ने इस अवसर पर किसानों की मेडीकेशन की गहन शांति की अनुभूति कराई। धनवा फांटा पहुंचने पर जिला डेयरी संघ के अध्यक्ष भीखाराम, उप प्रधान नगसिंह एवं ग्राम वासियों ने अभियान के सभी सदस्यों का स्वागत किया एवं किसानों मे जागृति लाने के लिए आभार जताया। मंगलवार को अभियान प्रात: असाडा एवं दोपहर दो बजे इन्द्राणा गांव मे पहुंचेगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें