शनिवार, 15 जनवरी 2011

नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष, नायब तहसीलदार व पटवारी के विरूद्ध 420 का मामला दर्ज

नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष, नायब तहसीलदार व पटवारी के विरूद्ध 420 का मामला दर्ज
अनुसूचित जनजाति के गरीब व्यक्ति की जमीन हड़पने का आरोप
बालोतरा, 14 जनवरी। बालोतरा में एक ओर जहां सत्तासीन विधायक गरीबों की जमीन भाई के नाम करवाने के आरोपों से घिर गए है तो दूसरी ओर विधायक के करीबी समझे जाने वाले भी कुछ कम नहीं है। विधायक के बहुत निकट समझे जाने वाले एक कांग्रेसी नेता जो कि नगरपालिका मे प्रतिपक्ष के भी मुख्या है उन पर अब एक गरीब दलित जाति के व्यक्ति की जमीन हड़पने की साजिश रचने का आरोप लगा है। 
जानकारी के अनुसार सम्पतराज पुत्र गीगाराम जटिया निवासी रेगरपुरा वार्ड संख्या 4 ने न्यायालय के जरिए प्रतिपक्ष नेता रतन खत्री पुत्र भीकमचंद खत्री, पूर्व पार्षद हस्तीमल पुत्र सागरमल जटिया, ईश्वरमाली पुत्र नामालुम, नरपतसिंह पटवारी, पटवार खण्ड खेड़, दलपतसिंह नायब तहसीलदार जसोल, प्रभुराम पुत्र थानाराम सरगरा निवासी जमालपुरा अहमदाबाद, रमेश कुमार पुत्र हस्तीमल जटिया निवासी बालोतरा के खिलाफ षडय़ंत्र रचकर धोखेबाजी कर उसकी जमीन हड़पने व आर्थिक नुकसान पहुंचाने का मामला स्थानीय पुलिस थाने मे दर्ज करवाया है।
इस्तगासे मे बताया गया कि परिवादी सम्पतराज ने 20 अप्रेल 2006 को खेड़ मौजा के खसरा न. 984/305 में प्रभुराम पुत्र थानाराम निवासी अहमदाबाद से एक खेत 80 हजार रूपये मे खरीदा था। 60 हजार रूपये का भुगतान तीन मौजीज लोगों के सामने प्रभुराम को कर दिया गया। 60 हजार रूपये देने के बाद खेत पर मौजीज पड़ौसियों ने कब्जा करवा दिया तथा प्रभुराम ने तहरीर व तकमील भी उसके हक मे कर दी थी।
परिवादी द्वारा खेत के चारों ओर तारबंदी करवाई गई और फसल भी बोयी गई थी। परिवादी ने इस्तगासे मे बताया कि करीब आठ महिने पहले मुलजिम नरपतसिंह पटवारी व छगनलाल उसकी ढाणी मे आये तथा कहा कि जमीन उनके हवाले कर दो। मुलजिम प्रभुराम ने नायब तहसीलदार दलपतसिंह व नरपतसिंह से सांठ-गांठ कर अपने गांव के व्यक्ति जवाहरराम पुत्र ईश्वरराम मेघवाल निवासी रामसर के पहचान वाले के नाम से उसको धोखे मे रखकर जमीन की रजिस्ट्री उप पंजीयन जसोल मे करवा दी।
प्रार्थी को इस धोखाधड़ी का पता चलने पर उसने मुलजिमों से सम्पर्क किया तो मुलजिमों ने कहा कि उससे दूसरी जगह सरकारी जमीन दे दी जाएगी तथा जो 60 हजार रूपये का भुगतान प्रभुराम को किया गया है वह भी वापिस दिला दिया जाएगा। धोखाधड़ी के संबंध मे सम्पतराज द्वारा मुकदमा दर्ज करवाने की धमकी देने पर आरोपी पटवारी व नायब तहसीलदार ने कहा कि रतन खत्री से आकर मिलो जो मामले का सुलटारा करवा देगें। लेकिन रतन खत्री सहित अन्य आरोपियों ने आज दिन तक कोई सुलटारा करने की कोशिश नहीं की है तथा सभी मुलजिमानो ने भूमि रूपान्तरण करवा कर जमीन दूसरे लोगों को बेच दी है। आरोपी प्रभुराम ने उसको बेची हुई जमीन को नायब तहसीलदार के एक विश्वासपात्र आदमी के नाम बेचान करवा दिया है। इस्तगासे मे पीडि़त ने मुलजिमानो के खिलाफ कानूनी कार्यवाही कर उसको न्याय दिलाने की मांग की है।


आसान नहीं है गरीब को न्याय मिलना 
जानकारी के अनुसार इस धोखाधड़ी के प्रकरण मे पीडि़त द्वारा जिस कांग्रेसी नेता व सरकारी अधिकारियों को आरोपी बनाया गया है। वे सभी सत्तासीन विधायक के खासम-खास और निकट माने जाते है। नायब तहसीलदार साहब उप तहसील मे विधायक साहब की विशेष डिजायर पर पद स्थापित किए गए है तो पटवारी आदि तो चौबीसो घंटे विधायक साहब की तिरंमदारी मे खड़े रहते है। वहीं कांग्रेसी नेता शुरू से ही विधायक के खास माने जाते है। ऐसे मे सत्तासीन विधायक के चहेतों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही होनी तो आसान नहीं है व असंभव भी नहीं है। हाल ही मे ऐसे कई मामले सामने आये है जिनमें नेता अपने ओहदे का गलत कार्यो मे इस्तेमाल कर रहे है। लेकिन एक दिन करनी की सजा तो सबको मिलनी ही है। पीडि़तों को न्यायप्रिय कहे जाने वाले माननीय मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से आशा है कि वे उनके दर्द को समझकर न्याय दिलाकर पैरवी करने मे कोई कसर नहीं छोड़ेगे और सत्ता मे रहकर भूमाफियाओं से मिलकर गरीबों की जमीन हड़पने वालों को मुख्यमंत्री महोदय जरूर सजा दिलायेगें।
शहर के सम्पूर्ण विकास के लिए पालिका बोर्ड तत्पर : पालिका अध्यक्ष महेश बी. चौहान
कार्यालय संवाददाता
बालोतरा, 14 जनवरी। बालोतरा शहर के सम्पूर्ण विकास के लिए पालिका बोर्ड तत्पर है तथा चुनाव के समय किए गए विकास के वादों के लिए हम सदैव प्रयासरत है तथा शहर का विकास ही हमारा मुख्य उद्देश्य है। विकास के लिए बालोतरा मे इस बार बोर्ड मे ऐसे कई कार्य हाथ मे लिए गए है जो वर्षो से अधूरे पड़े थे। यह बात नगरपालिका अध्यक्ष महेश बी. चौहान ने आज अपने आवास पर पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत मे कही।
नगरपालिका अध्यक्ष चौहान ने बताया कि उनके एक वर्ष के कार्यकाल में विकास व जनउपयोगी कार्यो को विशेष प्राथमिकताएं दी गई है। कच्ची बस्ती में रहने वाले गरीब लोगों के लिए आईएचएसडीपी योजना में 240 नए मकान बनाये गए है तथा प्रीति कॉलोनी में गंदे पानी की निकासी के लिए 40 लाख की लागत से नाले का निर्माण कार्य शुरू करवाया गया है। छतरियों के मोर्चे पर बाईपास रोड़ निर्माण कार्य शुरू किया गया है तथा सार्वजनिक मुक्तिधाम मे जन उपयोगी कार्य करवाये गए है। शहर मे रात्रि के समय रोशनी व्यवस्था सुधारने के लिए गांधीपुरा, नाकोड़ा सर्कल व पुराना बस स्टेण्ड पर हाई मास्क लाईटें लगायी गई है। फुटपाथों की हालात सुधारने के लिए प्रथम रेलवे फाटक से रेलवे स्टेशन तक सडक़ के दोनों ओर इंटरलोकिंक कार्य किया गया है। अधूरे पड़े गौरव पथ का कार्य भी करवाया गया है। उन्होंने बताया कि कच्ची बस्तियों मे पक्के घर बनाने के लिए 27 परिवारों को 4.80 लाख रूपये के चैक दिए गए है। उन्होंने भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे ओवरब्रिज व अण्डर ब्रिज के निर्माण के प्रयास किए जा रहे है। चौहान ने बताया कि शहर के विकास के लिए बनी मेगा परियोजनाओं मे स्थानीय विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का अपेक्षित सहयोग नहीं के बराबर मिल रहा है। जिस कारण शहर के लिए बनी विकास की योजनाएं राज्य स्तर पर दम तोड़ रही है।
चौहान ने बताया कि विकास कार्यो पर अब तक 366.73 लाख रूपये की राशि खर्च की जा चुकी है। शहरी सौन्दर्यकरण, विद्युत व्यवस्था, हरित राजस्थान के तहत करीब 40 लाख रूपये खर्च कर विभिन्न स्थानों पर 189 विद्युत पोल लगाने के साथ 290 ट्यूब लाईट व 110 सोडियम लाईटें लगायी गई है तथा 270 विद्युत पोलों पर तार लगाने का काम जारी है। सफाई व्यवस्था के बारे मे उन्होंने बताया कि विल बैरोज खरीदने मे 5.87 लाख रूपये खर्च किए गए है व सभी 35 वार्डो मे कचरा संग्रहण के लिए दस लोडिंग टैक्सीयां लगाई गई है। आवारा पशुओं की समस्या का हल करने के लिए 570 आवारा पशुओं को पकडक़र गौशालाओं मे भिजवाया गया है।
भूमि नियमन और पट्टा संबंधी हुए कार्यो के बारे मे जानकारी देते हुए नगरपालिका अध्यक्ष ने कहा कि नगरपालिका मे कई वर्षो से अटकी पट्टो की फाईलों का निस्तारण हाथो हाथ करने का प्रयास किया जा रहा है। पट्टे के लिए आने वाली फाईलों का वे स्वयं मौका देखते है तथा आम आदमीयों को राहत पहुंचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 781 पट्टे बनाये जा चुके है, जिससे नियमन के पेटे 299.50 लाख राशि की आय नगरपालिका को हुई है। उन्होंने बताया कि नगरपालिका मे उनके द्वारा पालिका कार्यो के अलावा अन्य जन उपयोगी कार्यो को भी तहजीब दी गई है। स्वर्ण जयंति रोजगार योजना के तहत 72 परिवारों को लाभांवित किया गया है। दीपावली पर विशेष रोशनी करने वाले एवं साफ सफाई के लिए कर्मचारियों को प्रोत्साहन दिया गया है। पन्नाधाय अमृत योजना के तहत 13 दावों का निस्तारण कर 3.90 लाख रूपये बांटे गए। छात्रवृति के 84 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके है। साथ ही वृद्धावस्था, पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन आदि के 216 आवेदन स्वीकृत किए गए है।
अध्यक्ष चौहान ने पत्रकारों द्वारा नगरपालिका क्षेत्र मे रियायती दरों पर भूखण्ड आवंटन करवाने की मांग पर कहा कि नगरपालिका द्वारा शीघ्र ही प्रस्ताव बनाकर उपयुक्त स्थान पर नगरपालिका जमीन मे भूखण्ड आवंटन की कार्यवाही की जाएगी।
विधायक व सांसद ने नहीं किया सहयोग
पालिका अध्यक्ष ने प्रेस वार्ता के दौरान क्षेत्रिय विधायक मदन प्रजापत व सांसद पर शहर के विकास मे सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रिय प्रतिनिधियों की कमजोर पैरवी के चलते 38 करोड़ की सीवरेज सुधार योजना को केन्द्र सरकार के सातवें चरण मे जगह नहीं मिल पयी तथा नगरपालिका द्वारा जमा करवाई गई 1 करोड़ की राशि वापिस लौटायी गई है। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा शहर के विकास के लिए दर्जनों पर विधायक व सांसद से पत्र व्यवहार किया गया। लेकिन एक भी पत्र का जवाब नहीं दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें