मंगलवार, 9 अगस्त 2011

sirohi news 9.8.2011

  • शिव दर्शन को उमडे शिवभक्त
मरू लहर न्यूज
सिरोही, 8 अगस्त
। श्रवण मास के अंतिम सोमवार को शहर व आस पास के क्षेत्रों के विभिन्न शिवालयों में महादेव के जयकारों के बीच कई धार्मिक अनुष्ठान आयोजित हुए, जिसमें जलाभिषेक, रूद्राभिषेक तथा शिव भक्तों व्रत उपवास रखकर पूरे दिन पूजा अर्चना की तथा मन्नते मांगी।
सिरोही के सारणेश्वर महादेव मंदिर में विशेष रूप से सजाया गया शिवलिंग।

सिरोही के सारणेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करने उमडे शिव भक्त ।

    श्रावण मास के अंतिम सोमवार को अल सुबह से ही शहर के विभिन्न शिवालयों में दर्शनार्थियों का तांता लगना शुरू हो गया था। वहीं शिव भक्तों ने महादेव की श्रद्धा के साथ पूजा अर्चना की तथा कई धार्मिक अनुष्ठान कर दान पुण्य किया। वहीं शिवालयों की आकर्षक रूप से विशेष सजावट की गई थी। शहर के सारणेश्वर महादेव मंदिर, आम्बेश्वर महादेव मंदिर, भूवनेश्वर महादेव मंदिर, देवेश्वर महादेव मंदिर, दर्जनेश्वर महादेव मंदिर, रेवानाथ अखाडा स्थित रेवेश्वर महादेव मंदिर, आपेश्वर महादेव मंदिर, भागीरथेश्वर महादेव मंदिर, सर्वधाम महादेव मंदिर सहित आस पास क्षेत्र में स्थित महादेव मंदिरों में विशेष सजावट की गई थी। वहीं शहर के सारणेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। वहीं भक्तों ने कतार में खडे रहकर भगवान के दर्शन किए। सारणेश्वर महादेव मंदिर में मेले सा माहौल नजर आ रहा था तथा बच्चों के झुलने के लिए झुले भी लगाये गये थे। इसी तरह शहर से कुछ किलोमीटर दूरी पर पहाडियों के बीच स्थित आम्बेश्वर महादेव मंदिर में श्रावण मास के अंतिम सोमवार को भक्तों ने भारी संख्या में पहुंचकर भोलेनाथ की पूजा अर्चना की।
 
  • प्रतिमा विसर्जन के साथ हुआ दशा माता महोत्सव सम्पन्न
मरू लहर न्यूज
सिरोही, 8 अगस्त
। जिले भर में दशा माता के दस दिवसीय महोत्सव का आज धुमधाम से बैंड बाजों के साथ जुलूस के रूप में माताजी की प्रतिमा विसर्जन के साथ समापन हुआ। महोत्सव में गरबा नृत्यों की भी धुम रही।
    शहर में सोमवार को विभिन्न गली मोहल्लों से महिलाओं ने अल सुबह से ही माता जी की प्रतिमा विसर्जन के लिए गाजे बाजों के साथ प्रतिमा विसर्जन स्थल तक जाना प्रारंभ कर दिया था एवं वहां पहुंचकर विधि विधान के साथ शुभ मुहूर्त में प्रतिमा विसर्जन कर महोत्सव का समापन किया। 
  • सिरोही में दशामाता की प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जाते भक्त।
वहीं शहर के कृष्णापुरी, टांकरिया, मेघवाल वास, ब्रह्मपुरी, भाटकडा आदि कॉलोनियों में गरबा नृत्यों का आयोजन किया गया। वहीं कई स्थानों पर सोमवार को दशा माता की प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
  • एनएसयूआई की चुनाव को लेकर बैठक सम्पन्न
सिरोही के डाक बंगले में आयोजित एनएसयूआई की बैठक को सम्बोधित करते छाद्ध नेता पूरण सिंह ।
 सिरोही के डाक बंगला परिसर में पौधारोपण करते एनएसयूआई के पदाधिकारी

मरू लहर न्यूज
सिरोही, 8 अगस्त।
स्थानीय डाक बंगले में सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन की बैठक जिलाध्यक्ष ऋषिराजसिंह राठौड़ की अध्यक्षता में संपन्न हुई।   बैठक में आगामी चुनाव को लेकर सिरोही, शिवगंज, पिंडवाड़ा व आबूरोड से उम्मीदवारों के चयन को लेकर विचार विमर्श किया गया। उम्मीदवारों के रूप में शिवगंज से तीन, आबूरोड से चार, पिंडवाड़ा से तीन नाम सामने आए, तथा सिरोही से छात्रों के पूर्ण समर्थन से पूरणसिंह देवड़ा का नाम आया। इस मौके पर ऋषिराजसिंह ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन का सदस्यता अभियान प्रारंभ है और इस बार करीब एक हजार से ज्यादा छात्र-छात्रा सदस्य बन चुके है, जो सदस्य नहीं बन चुके है वे अंतिम तिथि तक अपना आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकते है।  इस अवसर पर सामाजिक वानिकी को बढ़ावा देने के लिए पौधरोपण अभियान भी प्रारंभ किया गया, जिसमें सिरोही में 500, शिवगंज से 250, आबूरोड से 350 वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। बैठक में धीरज दवे, पूरणसिंह देवड़ा, कयूम खान, सुमेर मीणा, भरत माली, भानू प्रतापसिंह, विशाल कलावंत, हर्षित कलावंत, योगेश बोहरा, पिंटूसिंह डिंगार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
  • स्वाधीनता दिवसको भव्य मनाए जाने सम्बन्धी रिव्यू बैठक आयोजित
  • अधिकारीगण अपने अधीनस्थ समस्त स्टाफ के साथ कार्यक्रम में उपस्थित रहें।
मरू लहर न्यूज
सिरोही, 8 अगस्त।
जिले में स्वाधीनता दिवस 2011 को भव्य एवं समारोहपूर्वक मनाए जाने सम्बन्धी रिव्यू बैठक कलक्ट्री सभागार में उपखंड अधिकारी प्रहलाद सहाय नागा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
     बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपखंड अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपे गए हैं इसमें किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए ।  उन्होंने कहा कि यह एक राष्ट्रीय कार्यक्रम है और इसके सफल संचालन शालीनता के लिए जिला मुख्यालय पर अरविंद क्रीडा स्थल पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य समारोह का आरंभ मुख्य अतिथि के राष्ट्रीय ध्वजारोहण करने के साथ होगा। मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया जाएगा और सामूहिक मार्च पास्ट का आयोजन होगा। इस अवसर पर पारितोषिक वितरण, छात्रों द्वारा सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन तथा छात्राओं द्वारा सामूहिक नृत्य व गीत के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा दोपहर 12.30 बजे किके्रट मैच रखा गया है एवं अपरान्ह 2 बजे स्कूली बच्चो की खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
     इसी प्रकार 14 अगस्त, 2011 को सर.के.एम. स्कूल के विकास मंच पर सांय 7 बजे से देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा जिसमें विभिन्न विद्यालयों के बालक-बालिकाएं हिस्सा लेंगे। बैठक में समारोह के दौरान कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए किए जाने वाले उपायों पर भी चर्चा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
ध्वजारोहण के लिए अनुरोध
 जन साधारण को स्वाधीनता दिवस-2011 ( 15 अगस्त, 2011) समारोह पर अपने-अपने घरों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर प्रात: सूर्योदय से सूर्यास्त तक राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकते है । उन्होने आम जन से अनुरोध किया है कि राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान के साथ चढाया जावे एवं सम्मान के साथ ही उतारा जावें । राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का हनन न हो, इस बात का पूरा ध्यान रखा जावें।
उपस्थित रहने के निर्देश
प्राय: यह देखा जाता है कि स्वाधीनता दिवस एवं गणतत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वो पर आयोजित मुख्य समारोह ( अरविन्द पेवेलियन) पर जिला स्तरीय अधिकारीगण मय स्टाफ उपस्थित नहीं रहते है जो अत्यन्त ही खेदजनक है। इस बार स्वाधीनता दिवस- 2011 के अवसर पर यह निर्णय लिया गया है कि 14 अगस्त को स्वाधीनता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित सांस्कृतिक एवं 15 अगस्त को अरविन्द पैवेलियन पर आयोजित मुख्य समारोह में जिला मुख्यालय के समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण अपने अधीनस्थ समस्त स्टाफ के साथ पूर्व संध्या पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं मुख्य समारोह में आवश्यक रूप से उपस्थित रहेगें । आदेश की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाकर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
  • पेंशन संबंधी समस्याओं का निराकरण कि या तायेगा
मरू लहर न्यूज
सिरोही, 8 अगस्त।  जिला सैनिक कल्याण पाली परिसर में 9 अगस्त को दोपहर बाद 2 बजे बोर्ड के सदस्य नारायणसिंह उज्जवल के सानिध्य में पूर्व सैनिकों एवं पारिवारिक पेंशनरों के छठे वेतन आयोग के संबंध में पेंशन सुधार संबंधी समस्याओं का निराकरण किया जायेगा।
     जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर सुल्तानसिंह ने बताया कि पेंशनधारियों पूर्व सैनिक एवं पारिवारिक पेंशन धारक अपनी समस्या समाधान के लिए आमंत्रित है साथ ही पेंशन पेमेन्ट आर्ड पीपीओ की प्रतिलिपि एवं बैक पास बुक की पूर्ति करवा कर साथ मे लावें।


स्वास्थ्य शिविर का भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित
कोचरिया में आज होगा शिविर का आयोजन
मरू लहर न्यूज
सिरोही, 8 अगस्त।  चिकित्सा विभाग द्वारा   मेडिकल मोबाइल यूनिट द्वारा  9 अगस्त को कोचरिया में, 10 को आमलिया में, 11 को सेबरा खेडा व कम्बाई खेडा में, 12 को राजपुरा व मानपुरा में , 16 को तलेटा में, 17  को देवनगर में, 18 को कलदरी में, 19 को मोचाल में, 20 को आपरीखेडा में, 21 को उपला भूला में, 23 को नई जमीन में, 24 को नागपुर में, 25 को मीन तलेटी में, 26 को बौसा में , 27 को मातादेवी मे एवं 28 अगस्त को फतेहपुरा  सकोडा में स्वास्थ्य शिविर का भ्रमण कार्यक्रम रखा गया है।
  • अगले 48 घण्टों में भारी वर्षा की चेतावनी
मरू लहर न्यूज
सिरोही, 8 अगस्त।
  मौसम विभाग जयपुर द्वारा आगामी 48 घंटों में सिरोही जिले में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा को सकती है।
     जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चे अपने-अपने क्षेत्र के सभी संबंधित अधिकारियों से सम्पर्क करते हुए भारी वर्षा से सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूर्व अपेक्षित कार्यवाही सम्पन्न करें साथ ही अपने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को इस संबंध में त्वरित कार्यवाही के लिए पांबद करें।
  •  सेहरी व इफ्तार का समय
  • मरू लहर न्यूज
सिरोही, ८ अगस्त। सिरोही के छोटी मस्जिद के मौलाना रमजान अकबरी ने बताया कि सिरोही में मंगलवार की शाम 7.23 मिनट पर रोजा इफ्तार किया जाएगा तथा बुधवार की सुबह 4.40 मिनट तक सेहरी होगी।
  • वाहन चोरी का तीसरा आरोपी गिरफ्तार
मरू लहर न्यूज
सिरोही, 8 अगस्त। सिरोही से वाहन चुरा ले जाने के मामले में फरार तीसरे आरोपी को पुलिस ने भीनमाल से गिरफ्तार कर लिया। मामले में दो अन्य आरोपी पहले ही धरे जा चुके है। थानाघिकारी लाभूराम विश्नोई ने बताया कि सिरोही से लग्जरी वाहन व पिकअप जीप चुराने के आरोप में भीनमाल निवासी रतनाराम विश्नोई को एएसआई शैतानसिंह ने गिरफ्तार किया। इससे पहले खेड़ापा निवासी सुमेरराम जाट व सांचौर निवासी भरत पुरोहित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश करने पर आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। ज्ञातव्य है कि गत 16 जुलाई की रात राजमाता धर्मशाला के समीप से एक लग्जरी वाहन व पिकअप जीप चोरी हो गई थी। इसके अगले ही दिन अनादरा चौराहे के समीप से एक वैन चोरी हुई। वाहन चोरी के मामले खोलने को लेकर पुलिस काफी प्रयास कर रही थी। मामले में पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार वाहन बरामद कर लिए हैं।

  • डोडा-पोस्त तस्करी के आरोपी रिमांड पर
मरू लहर न्यूज
सिरोही, 8 अगस्त।डोडा-पोस्त तस्करी के गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश करने पर चार दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया। आरोपियों को बरलूट पुलिस ने ऊड़ के समीप से गिरफ्तार किया था।  जांच अघिकारी लाभूराम विश्नोई ने बताया कि 7 अगस्त को मध्यप्रदेश से बाड़मेर के लिए जा रहे डोडा-पोस्त से भरे ट्रक को जब्त कर भूतिया खुर्द (भदेसर-चित्तौड़गढ़) निवासी भैरूलाल पुत्र उदयराम जाट व गोदाना (छोटी सादड़ी-प्रतापगढ़) निवासी रंगलाल पुत्र दाऊतलाल मेघवाल को गिरफ्तार किया गया था। कार्रवाई में डोडा-पोस्त से भरे 78 बोरे बरामद किए गए, जिसमें साढ़े तैंतीस क्विंटल डोडा-पोस्त भरा हुआ था। इनकी बाजार कीमत पौने सत्रह लाख रूपए आंकी गई है।






कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें