रविवार, 27 मार्च 2011

सांस्कृतिक संध्या मे झलकी थार की संस्कृति
लोक कलाकारों ने बांधा समां, शानदार आतिशबाजी के साथ सम्पन्न हुआ थार महोत्सव
कार्यालय संवाददाता
बालोतरा। स्थानीय सरदार भगतसिंह सभा स्थल पर थार महोत्सव के तीन दिवसीय कार्यक्रम के समापन अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें बाड़मेर, जैसलमेर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ पड़ौसी प्रांत के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम मे चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम में भवाई नृत्य, घुटना चक्री नृत्य, अग्नि नृत्य, भपंग वादन व चामुण्डा की झांकी का प्रदर्शन कर कलाकारों ने उपस्थित हजारों दर्शकों का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक संध्या का आगाज गफूर खां झांपली ने केसरिया बालम पधारो म्हारे देस की प्रस्तुति से किया। इसके पश्चात धोधे खां व खीमाराम एण्ड पार्टी ने अलगोजे पर पणिहारी की प्रस्तुति से दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। इसी तरह पाली की धर्मी बाई एण्ड पार्टी ने तेरह ताली नृत्य के साथ बाबा रामदेव का भजन प्रस्तुत कर दर्शकों को भाव-विभोर किया। जोधपुर के कालू खां एण्ड पार्टी ने अग्रि नृत्य, अलवर के बन्नेसिंह ने साईकिल की रींग पर भवाई नृत्य प्रस्तुत किया। इसी तरह महबूब खां मांगणियार व जमाल खां एण्ड पार्टी ने मोरचंग वादन, गौतम परमार एण्ड पार्टी बाडमेर ने चरी नृत्य व उमर फारूक एण्ड पार्टी ने भपंग वादन के साथ गीत की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम मे पड़ौसी राज्य गुजरात के बड़ौदा जिले के सिनोर के बच्चू भाई एण्ड पार्टी के कलाकारों ने होली नृत्य के साथ मुंह से अनेक तरह की आवाजे निकालते हुए बेहतरीन आकृतियां के साथ मन भावन मां चामुण्डा की झांकी के दृश्य से दर्शकों को भाव-विभोर किया। वहीं इस प्रस्तुति पर हजारों दर्शकों ने तालियां बजाकर इन कलाकारों का हौंसला अफजायी किया। बाडमेर की अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर प्रदीप व जानकी गोस्वामी ने भवाई नृत्य की प्रस्तुति दी। जैसलमेर के कलाकार अनु सोलंकी ने घुटना चकरी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को आश्चर्य चकित कर दिया। जैसलमेर के ही ख्याति प्राप्त कलाकार उदाराम ने अग्रि तराजू नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को दांतो तले अंगुली दबाने को मजबूर कर दिया। जोधपुर के पारसनाथ जोगी एण्ड पार्टी की नृत्यांगनाओं ने कालबेलिया नृत्य के साथ अनेक करतब दिखाकर दर्शकों को देर रात तक बैठने को मजबूर किया। सांस्कृतिक संध्या के अंत मे जोधपुर के अंसारी फायर वकर्स के शोरगरों ने जमकर आतिशबाजी की। जिसे देखने के लिए दर्शकों की नजरे आसमान की तरफ टिकी रही। सांस्कृतिक संध्या का मन मोहक संचालन हिन्दी मे जफर खां सिंधी व अंग्रेजी मे दुर्गा आर्य ने किया।
इस अवसर पर जिले के प्रभारी सचिव एवं प्रमुख शासन सचिव मनोहर कांत, जिला एवं सेंशन न्यायाधीश सुखपाल बुन्देल, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्टे्रट गबरूद्दीन मोयल, पालिका अध्यक्ष महेश बी. चौहान, पूर्व गृहराज्यमंत्री अमराराम चौधरी, उपखण्ड अधिकारी ओमप्रकाश विश्रोई, तहसीलदार शैतानसिंह राजपुरोहित, पुलिस उप अधीक्षक रामेश्वरलाल मेघवाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीएल कन्दोई, पालिका ईओ पोकर चौहान, लघु उद्योग मण्डल अध्यक्ष रूपचंद सालेचा, सरपंच कुम्पाराम पंवार, भजन गायक प्रकाश माली, पार्षद मांगीलाल सांखला, गोविन्द जीनगर, नरसिंग प्रजापत, पंचाणाराम चौधरी, रतन खत्री, दुर्गादेवी सोनी, रोहित सोलंकी, पुष्पराज चौपड़ा, पंचायत समिति सदस्य ओमप्रकाश मेघवाल, एडवोकेट भूराराम चौधरी, शंकर सलुंदिया, सुजी देवी, जेठूसिंह, रामचन्द्र, प्रेस क्लब के गौतम रांका सहित हजारों की संख्या मे दर्शक उपस्थित रहे।
फोटो केपशन- बालोतराफोटो 01, 02, 03, 04,05 व 06 - स्थानीय भगतसिंह स्टेडियम मे आयोजित हुई सांस्कृतिक संध्या मे प्रस्तुतियां देते कलाकार एवं उपस्थित जन समूह।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें