बालोतरा। शुक्रवार सायंकाल आकाश में बादलों की आवाजाही के साथ घणघोर बादलों से बूंदाबांदी शुरु हुई जो काफी समय तक चलने के बाद थम गई लेकिन रात्रि 9 बजे के पश्चात आकाश में बिजली की कडक़ड़ाहट व गर्जना के साथ शुरु हुई बारिश एक घंटे से अधिक समय तक जारी रही जिससे शहर की अनेक बस्तियों में पानी भर गया। शहर के पुराना बस स्टेण्ड व नेहरु कालोनी में तो कई घंटों तक पानी जमा रहा।
- बालोतरा उपखण्ड में जमकर बरसे मेघ
- किसानों के चेहरों पर खुशी, कीटनोद में घुसा पानी
बूंदाबांदी के बाद करीब रात्रि 9 बजे आकाश में बिजली की कडक़ड़ाहट व तेज गर्जना के साथ शुरु हुई बारिश एक घटे समय से अधिक समय तक जारी रही जिससे शहर के गौर का चौक, शाी चौक, पुराना बस स्टेण्ड, नयापुरा, आंगडिया गली, कुम्हारों का चौक, खेड रोड, गांधीपुरा पुराना पादरु बस स्टेण्ड, जॉह्नवी हॉस्पीटल रोड, पुराना तारघर रोड, नेहरु कालोनी सहित अनेक बस्तियों में पानी भर गया। शहर के पुराना बस स्टेम्ड व नेहरु कालोनी में कई घंटों तक पानी जमा रहने से मोहल्लवासियों, दुकानदारों व आम राहगिरों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। दुपहिया वाहन चालकों को तो अपना वाहन ले जाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी वहीं अनेक वाहन चालकों को तो वाहन घसीटकर ले जाते दखा गया।
शहर के पुराना बस स्टेण्ड के समीप रेलवे के अण्डर ब्रिज में पानी भर जाने से रेलवे फाटक बंद के समय दोनों तरफ दिनभर शनिवार को कतारें लगती रही। विद्युत विभाग कार्यालय परिसर में पानी भर जाने से सामग्री पानी में डूब गई तथा उपभोक्ताओं के साथ विद्युतकर्मियों को काफी कठिनाई झेलनी पड़ी। बारिश का क्रम देर रात तक जारी रहा। शुक्रवार रात्रि में बालोतरा शहर में 75 मिमी, पचपदरा में 97 मिमी. बारिश दर्ज की गई।
मायूस किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे
शुक्रवार रात्रि में बालोतरा शहर सहित आस पास ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने से मायूस किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे। क्षेत्र के मांजीवाला, जसोल, आसोतरा, किटनोद, पचपदरा, गोपड़ी, भांडियावास, कुड़ी, रामसीन मुगड़ा सहित अनेक क्षेत्रों में अच्छी बारिश के समाचार प्राप्त हुए हैं। सिवाना क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई है। बालोतरा के समीप आसोतरा व किटनोद के खेतों में भारी मात्रा में पानी भर गया है जिससे आगामी 4-5 दिन तक बुवाई नहीं हो पाएगी।
किटनोद में चार से पांच फीट पानी भरा
समीपवर्ती किटनोद गांव के समीप भोलो की बस्ती बासनी के समीप स्थित एनीकट लबालब भर जाने व ओवर फ्लो होकर आया पानी शुक्रवार रात्रि में किटनोद गांव में घुस गया जो दो घंटों से अधिक समय तक बहता रहा। जिससे अनुसूचित जनजाति के लोग काफी प्रभावित हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कुंपावास रोड स्थित बस्ती में चार से पांच फीट पानी भर गया लेकिन प्रशासन ने कोई सुध नहीं ली है। पानी भरने की सूचना ग्रामीणों ने प्रशासन को उसी समय दे दी थी।
प्रशासन से पहले पहुंचे मीडियाकर्मी
किटनोद गांव में शुक्रवार रात्रि में पानी भरने की सूचना प्रशासन को रात्रि में ही दे दी गई थी लेकिन ग्रामीणों ने रात्रि में सुध लेनी तो दूर की बात है शनिवार प्रात: लगभग 11 बजे तक भी प्रशासन ने कोई कार्यवाही नहीं की। अनेक ग्रामीणों के चूल्हे तक नहीं जले। शनिवार प्रात: लगभग 9बजे मीडियाकर्मियों की टीम किटनोद पहुंचकर ग्रामीणों से हालात की जानकारी प्राप्त की तो हमारे संवाददाता को डायाराम भील, झमुदेवी भील, चैनाराम भील ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी ढंग से पानी हमारे घरों में घुसा था तथा हमारे मकान भी गिर गए थे लेकिन प्रशासन व ग्राम पंचायत किटनोद ने ग्रामीण की कोई मदद नहीं की।
विधायक पहुंचे मौके पर
कीटनोद में पानी घुसने की खबर के बाद पचपदरा विधायक मदन प्रजापत भी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों के हाल जाने।
पचपदरा तहसीलदार पहुचे देरी से
प्रशासन को जब खबर लगी की मीडियाकर्मियों व पचपदरा विधायक मदन प्रजापत किटनोद गांव पहुंच चुके हैं तब प्रशासन हरकत में आया और पचपदरा तहसीलदार शैतानसिंह राजपुरोहित को शनिवार लगभग 11 बजे किटनोद गांव भेजा। जब तहसीलदार किटनोद गांव पहुचे उस समय भी अनुसूचित जनजाति के लोग अपने घरों से भीगा हुआ सामान व कीचड़ बाहर निकाल रहे थे। उनके चूल्हे तक नहीं जलाए गए थे।
सिवाना के मेली बांध में आया 11.5 फीट पानी, एनीकट हुए लबालब
सिवाना क्षेत्र में शुक्रवार रात्रि अच्छी वर्षा होने से मेली बांध में एक ही बारिश से लगभग 11.5 फीट की आवक हुई है जो आज भी जारी थी। सिवाना तहसीलदार शंकरलाल गर्ग ने बताया कि शुक्रवार रात्रि में क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई है जिससे मेली बांध में 11 फीट पानी आ चुका था पानी का आवक जारी थी। क्षेत्र के पीपलुन, नानेरी बांध व बागुण्डा एनीकट भी लबालब भट गए हैं तथा ओवर फ्लो होकर पानी बहा है।
बारिश से बालोतरा औद्योगिक क्षेत्र में हुआ नुकसान
शुक्रवार रात्रि में हुई बारिश औद्योगिक ेत्र में भी काफी नुकसान हुआ है। बारिश के साथ तेज हवा होने के कारण आडणो पर सूख रहा कपड़ा खराब हुआ है। कुछ स्थानों पर छपरे भी उड गए। जिससे भी नुकसान होने के साथ पेड़ भी गिरे हैं दो तीन स्थानों पर कपड़े के साथ अडाण के गिरने के भी समाचार प्राप्त हुए हैं।
शहर के अनेक मोहल्लों में छाया रहा गंदगी का आलम
शुक्रवार रात्रि में हुई बारिश से अनेक मोहल्लों में से पानी तो निकल गया लेकिन कीचड़ जमा रहने से लोगों को आवागमन के साथ घरों में बैठना भी दुभर हो गया। शहर के पुराना बस स्टेण्ड व नेहरु कालोनी के हालात तो इतने खराब थे कि शनिवार भी लोगों को कीचड़ व गंदगी के कारण आवामगन के साथ प्रतिष्ठानों व घरों में बैठना भी मुश्किल हो गया है। शहर के पचपदरा रोड व खेड रोड पर सडक़ों के किनारे भारी मात्रा में पानी भरा रहने से भी लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें