गुरुवार, 14 जुलाई 2011

परिवहन विभाग की जीप ने मोटरसाईकिल को टक्कर मारी




परिवहन विभाग की जीप ने मोटरसाईकिल को टक्कर मारी
उप निरीक्षक का गुर्गा का चला रहा था गाड़ी, चौथ वसूली की उगाही करने जा रहा था, तेज गति व लापरवाही से हुआ हादसा, दो जनो की सांसे लटकी अधरझूल में
कार्यालय संवाददाता
बालोतरा। परिवहन विभाग बालोतरा में चल रही घोर अंधेरगर्दी ने गुरूवार को दो युवकों की जान सांसत में डाल दी। परिवहन विभाग के उप निरीक्षक की उडऩ दस्ते की जीप को एक प्राईवेट गुर्गे ने स्थानीय समदडी रोड़ पर मेगा हाईवे पूलिये के पास में तेज गति व लापरवाही से चलते हुए सामने से आ रही एक मोटरसाईकिल को चपेट में ले लिया। हादसे के समय जीप की गति इतनी तेज थी कि बाईक और उस पर सवार दोनों युवक काफी दूरी तक साथ मे घसीटते रहे तथा बाद में जीप के शीशे से टकरा कर दूर जाकर गिरे। हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया। जिस समय जीप चालक द्वारा पूलिये के समीप तेज गति व लापरवाही से गाड़ी चलायी जा रही थी उस समय आस-पास के लोगों ने उसे टोका भी था, लेकिन इसके कुछ क्षण बाद ही यह हादसा कारित हो गया। मौके पर एकत्रित लोगों ने पुलिस और 108 एम्बुलेन्स को जानकारी दी। लेकिन दोनों को ही नहीं आता देखकर एक निजी कार से दोनों घायलों को नाहटा अस्पताल भिजवाया गया।
पुख्ता सूत्र व प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार परिवहन विभाग की जीप नं. आरजे 14 यू 3489 को एक यातायात सलाहकार चला रहा था तथा गाड़ी में उस समय परिवहन विभाग का कोई अधिकारी साथ में नहीं था। जानकारी के अनुसार इस उडऩ दस्ते के प्रभारी वगताराम चौधरी आज जोधपुर में थे तथा उनकी अनुपस्थित में यातायात सलाहकार सरकारी गाड़ी लेकर मेगा हाईवे पर चौथ वसूली की उगाही करने निकला था। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर यातायात सलाहकारों मे हडक़म्प देखा गया तथा सभी यातायात सलाहकार नाहटा अस्पताल में एकत्रित हो गए। बाद में गंभीर रूप से घायल युवक को यातायात सलाहकार ही जोधपुर ले गए। उधर घटना स्थल पर काफी देरी से पहुंची पुलिस को लोगों के आक्रोश का भी सामना करना पड़ा। बाद में घटना की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज करवाने को लेकर भी पीडि़त परिजनों को भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा। बालोतरा और पचपदरा पुलिस थाने की सरहदों के बीच में घटना स्थल के होने के कारण परिजनों को दोनों थानों के बीच मे रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए चक्कर काटने पड़े।
इस संबंध मे पचपदरा पुलिस थाने में सांवलाराम घांची ने रिपोर्ट देकर बताया कि परिवहन विभाग की गाड़ी नं. आरजे 14 यू 3489 को अज्ञात चालक ने तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए समदडी रोड़ पर मेगा हाईवे पुल के समीप मोटरसाईकिल को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार ओमाराम व अम्बाराम घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
निजी एजेन्ट करते है वसूली, आराम फरमाते है साहब
बालोतरा परिवहन विभाग का भगवान ही मालिक है। यहां पर नियुक्त परिवहन विभाग के उप निरीक्षक तो घर पर बैठकर आराम फरमाते है और बकायदा निजी यातायात सलाहकार उनके गुर्गो के रूप में काम करते है और सरकारी गाड़ी लेकर निकल जाते है हाईवे पर और शुरू कर देते चौथ वसूली जो अल सवेरे तक जारी रहती है। उप निरीक्षक साहब के यह प्राईवेट गुर्गे हर बड़े वाहन से एंट्री के नाम पर 500 से लेकर 1500 रूपये व छोटे वाहन से 100 से 500 रूपये उगाहते नजर आते है, परंतु आला अधिकारी गहरी नींद सोये हुए है।
फोटो केपशन - बालोतराफोटो 02, 03 व 04 - परिवहन विभाग की जीप के नीचे दबी मोटरसाईकिल, मौके पर एकत्रित भीड़ व अस्पताल में भर्ती घायल। 
प्रजापत युवा ग्रुप सेवा संस्थान ने किया वृक्षारोपण
कार्यालय संवाददाता
जसोल। प्रजापत युवा ग्रप सेवा संस्थान जसोल के तत्वावधान में स्थानीय बालोदय विद्या मंदिर के प्रांगण मे वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रुप के सचिव ललित प्रजापत ने बताया कि कार्यक्रम के तहत अध्यक्ष केवलचंद सियोटा ने पर्यावरण सुरक्षा के उपायों को ध्यान में रखते हुए जसोल ग्राम में विभिन्न विद्यालयों एवं गली मौहल्लों मे पौधे लगाने व उनकी सुरक्षा करने का संकल्प लिया। युवा ग्रुप ने जसोल ग्राम वासियों से पेम्पलेट के माध्यम से हर व्यक्ति को अपने घर के बाहर एक पौधा लगाने की अपील की। इस कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेन्द्रसिंह राठौड़, संचालक पदमसिंह, ग्रुप के भरत कुमार गुरिया, देवीलाल, चुन्नीलाल गुरिया, निदेश कुमार, श्रवण कुमार, दिलीप, केवलचंद सियोटा, ललित कुमार, मेवाराम, रमेश जिन्दलोदिया, मीठालाल, टिकमचंद, जसराज, दीपराम तथा विद्यालय स्टाफ से विक्रमसिंह, पूजा निम्बार्क, ओमप्रकाश पालीवाल, भंवरलाल भाटी, माफी राजपुरोहित, नरेश कुमार, शांतिलाल सुथार सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
चातुर्मास तपस्या के लिए श्रेष्ठ काल : मुनि मदन कुमार
कार्यालय संवाददाता
बालोतरा। आचार्य महाश्रमण के शिष्य मुनि मदन कुमार ने कहा कि चातुर्मास तपस्या के लिए श्रेष्ठ कालखण्ड है। इससे आरोग्य और शांति प्राप्त होती है। ज्ञान, ध्यान, त्याग और तपस्या से आत्मा को भावित करना चाहिए। मुनि मदन कुमार तेरापंथ भवन में चातुर्मास शुभारंभ के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन दुर्लभ अवसर है। इसे प्राप्त कर सार की खोज करनी चाहिए। व्रत की आराधना पर बल देते हुए मुनि मदन कुमार ने कहा कि सामायिक साधना, शील व्रत, रात्रि भोजन परिहार, खाद्य संयम, तत्व ज्ञान और उपवास में शक्ति नियोजन करने वाला धन्य हो जाता है। मनुष्य को हास्य, निद्रा, विकथा और आलस्य से बचकर जीवन शैली को उन्नत बनाना चाहिए। कार्यक्रम में मुनि मदन कुमार ने श्रद्धा बल को आत्म धन बताते हुए तेरापंथ मर्यादा पत्र का वाचन किया। मुनि कोमल, शांतिप्रिय, गौतम सालेचा, जसराज बुरड़ एवं दीपचंद बोकडिय़ा ने उद्गार व्यक्त किए। चौबीसी कार्यशाला शनिवार से प्रारंभ प्रवीण लूंकड़ ने बताया कि मुनि मदन कुमार के सानिध्य में 16 जुलाई से रात्रि में नौ बजे पन्द्रह दिवसीय चौबीसी कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
मनुष्य स्वयं मे उतरने का प्रयास करें : साध्वी
कार्यालय संवाददाता
बालोतरा। मनुष्य अनन्त शक्तियों का खजना है, सच्चे आत्म प्रेम के बल पर मनुष्य को स्वयं में उतरने का प्रयास करना चाहिए। इसके लिए हृदय में कोमलता होनी आवश्यक है। यह विचार गुरूवार को यहां आयम्बिल शाला भवन में चातुर्मास के प्रथम दिवस पर आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए खरतरगच्छीय विदुषी साध्वी मणिप्रभाश्री की शिष्या वैराग्य निधि ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से व्यक्ति को जीवो के प्रति दया का भाव रखना चाहिए। परमात्मा व परमात्मा की वाणी पर श्रद्धा व समर्पण होना चाहिए, जिस प्रकार ऑपरेशन के वक्त व्यक्ति अपने सम्पूर्ण शरीर को समर्पित करता है तभी व स्वस्थ हो पाता है। उन्होंने पानी के उपयोग पर भी संयम रखने की अपील की। साध्वी मृदुला श्रीजी ने कहा कि आज से चातुर्मास प्रारंभ हो रहा है। जैन साधु साध्वीयों का चार मास के लिए यह स्थिर वास का समय रहता है। वहीं श्रद्धालुओं के लिए यह समय तप आराधना करने का होता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य की दृष्टि से भी तप लाभप्रद होता है।
एचआईवी एड्स से बचाव की दी जानकारी
कार्यालय संवाददाता
बालोतरा। जसोल में माजीसा मेले के अवसर पर एड एट एक्शन संस्थान की ओर से संचालित लिंक वर्कर स्कीम के अन्तर्गत सरपंच श्रीमती मंजुदेवी बारेचा की अध्यक्षता में एचआईवी एड्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सुपरवाईजर राजकिशोर वैष्णव व लिंकवर्कर रूपाराम नामा ने आईईसी बांटी। राज किशोर वैष्णव ने एचआईवी एड्स को हेय दृष्टि से न देखकर व्यवहारिक दृष्टिकोण से इससे बचाव व उन्मूलन पर ध्यान केन्द्रित करने व अपनी सकारात्मक भूमिका अदा करने का अनुरोध किया।
कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचावें
कार्यालय संवाददाता
बालोतरा। नगर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बालोतरा के नव नियुक्त अध्यक्ष भंवरलाल मेघवाल ने कार्यकत्र्ताओं से कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया है। मेघवाल ने आज शुभ समय में ब्लॉक अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार कांग्रेस कार्यालय मे प्रवेश किया। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनीफ मोहम्मद, प्रतिपक्ष नेता रतन खत्री, मांगीलाल सांखला, डॉ. मानवेन्द्र परिहार, बाबूलाल नामा, मो. रफीक, सुरेश बारूपाल, मांगीलाल बोस, गोविन्द जीनगर, जीतमल सुथार, भूराराम, संतोष शर्मा, भागीरथ, छगन जोगसन प्रहलाद धतरवाल सहित कई जने उपस्थित थे। मेघवाल ने विधायक व सांसद हरीश चौधरी का अध्यक्ष बनाये जाने पर आभार जताया।
शत प्रतिशत रहा बीसीए का परीक्षा परिणाम
कार्यालय संवाददाता
बाडमेर। महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर द्वारा बुधवार को घोषित बीसीए तृतीय वर्ष के परीक्षा परिणाम में महेश इन्स्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज के विद्यार्थियों ने शानदार सफलता अर्जित की है। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सगतसिंह ने बताया कि सत्र 2010-11 में बेचलर ऑफ कम्प्युटर एप्लीकेशन की मुख्य परीक्षा में 34 छात्र छात्राओं ने भाग लिया जिसमें सभी विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी अर्जित कर शानदार प्रदर्शन किया। महाविद्यालय का यह बीसीए का पहला बैंच था। संस्थान के निदेशक प्रदीप राठी ने समस्त उत्तीर्ण छात्र छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कॉलेज के शानदार परीक्षा परिणाम का श्रेय संकाय सदस्यों को दिया। प्राचार्य डॉ. सगतसिंह ने बताया कि आगामी सत्र 2011-12 के लिए महाविद्यालय में बीसीए व पॉलीटेक्निक डिप्लोमा में प्रवेश प्रक्रिया जारी है।
जनसंख्या स्थरीकरण की दी जानकारी
कार्यालय संवाददाता
बाडमेर। भारत सरकार के ग्रीन एवं नाटक प्रभाग से अनुबंधित सांस्कृतिक दल राजस्थान लोक कला मण्डल एवं शुभम संस्थान द्वारा जिले के विभिन्न गांवो मे जन संख्या स्थरीकरण पर नृत्यों गीतों एवं नाटकों के माध्यम से लोगों को जानकारी दी जा रही है। मण्डल के सचिव पुष्कर प्रदीप ने बताया कि सवाऊ पदमसिंह, कुम्हारों की बस्ती, गिड़ा आदि गांवो मे नृत्यांगना जानकी गोस्वामी, दीपेन्द्र, पृथ्वीसिंह, देवाराम, प्रेमप्रकाश लौहार आदि ने भाग लिया। इसी प्रकार सांस्कृतिक संस्था शुभम संस्थान के मुकेश व्यास ने बताया कि दल में वन्दना गुप्ता, जसवंत आदि भाग ले रहे है।

एक शाम मां दौवल माता के नाम भजन संध्या का आयोजन
कार्यालय संवाददाता
बालोतरा। निकटवर्ती समदडी कस्बे के जीनगरों का मौहल्ला में स्थित दौवल माता मंदिर प्रांगण में गादी की 8वीं वर्षगांठ के उपलक्ष में बुधवार रात्रि में विशाल भजन संध्या एक शाम मां दौवल माता के नाम का आयोजन भोपाजी ओमप्रकाश व मदनलाल के सानिध्य में किया गया। भजन संध्या के शुभारंभ में आकाशवाणी भजन गायक कनवर उदासी जोधपुर ने गणपति वदंना तेरी जय-जय हो गणेश देवा.. के साथ गुरू महिमा सतगुरू आया पांवणा..परमेश्वर आया पांवणा की प्रस्तुति दी। भजन गायिका कन्या राठौड़ ने भजन म्हारी घूमर से नखराली मारा मां.., दौवल माता रे मंदिर में भोपा घुमर घाले.. की प्रस्तुति दी। ख्यातिनाम भजन गायक भंवर गायणा कुड़ी ने भजन देवी रो अगुवाणी भैरू घुंघरीया घमकावे.., मनड़े रा मोरीया आजा दौवल मां रे द्वार.. सहित अनेक भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्ति रस से सरोबार किया। अशोक प्रजापत ने भजन ले नाच म्हारी बिनणी दौवल मां के मंदिर मे डीजे बाजे.., मां शेरों वाली मां मेरी मां से मिला दे.. सहित अनेक भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को देर रात तक बैठने को मजबूर किया। रानीवाड़ा के भजन गायक कैलाश जीनगर ने भजन तेरस की है रात दौवल मां आज थाने आणो है.., पाबूजी आया देवल रे पावणा. सहित अनेक भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को तालिया बजाने व साथ गाने को मजबूर किया। भजन गायक हर्ष माली ने भजन काना कांकरीया मत मार मटीकया फूट जावेली.., चौसठ जोगणी रे थारे देवलीए रम जाए.. की प्रस्तुति दी। भजन संध्या का मंच संचालन राजू गहलोत बालोतरा ने किया। इस अवसर पर महेश शर्मा, महावीर, समाजसेवी मोहम्मद युसुफ भांतगर, ओमप्रकाश प्रजापत, नारायण चौधरी, गोपाल चितारा, खिमराज गहलोत, गौतम जीनगर, भागीरथ घांची, घंमडीराम गोयल, भरत चितारा, अनिल जीनगर, मजहर अहमद, राकेश अग्रवाल सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। दौवल माता मंदिर गादी की आठवीं वर्षगांठ के उपलक्ष में निज मंदिर को आकर्षक फूल मण्डली व रंग बिरंगी रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया। इस आयोजन में समदडी सहित सिवाना, मोकलसर, पादरू, अजीत, बालोतरा, पाटौदी, जोधपुर सहित अनेक क्षेत्रों से श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
फोटो केपशन- बालोतराफोटो 05 व 06 - दौवल माता मंदिर प्रांगण मे आयोजित भजन संध्या मे प्रस्तुति देते कलाकार व उपस्थित श्रद्धालु।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें